मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत द्वारा समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक ली गई
कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन के संबंध में मुख्य बिंदुओं की समीक्षा कर संबंधी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए । बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर संबंधित विभाग के अधिकारियों को समय सीमा में निराकृत कर ग्रेडिंग में प्रगति लाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PMVBRY) के अंतर्गत प्रतिष्ठानों में आवश्यक पंजीकरण तथा योजना के लाभार्थियों की चिन्हित किए जाने के हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। जिले की विभिन्न जलप्रदाय पाइप लाईन में जल प्रदूषण को रोकने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना अंतर्गत सोलर पंप स्थापना के संबंध में आवश्यक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए। भू अर्जन के लंबित प्रकरणों को समय सीमा में निराकृत किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रकरणों, जनहित से जुड़े आवेदनों, न्यायालयीन मामलों, योजनाओं की प्रगति तथा लंबित प्रकरणों की स्थिति की गहन समीक्षा की गई। श्री चौधरी ने विभागवार प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समय-सीमा पत्रों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जिन प्रकरणों में उत्तर लंबित हैं, उनमें तत्काल कार्रवाई कर प्रकरणों का निराकरण किया जाए तथा ‘नॉट रिप्लाइड’ श्रेणी के मामलों में प्राथमिकता से जवाब प्रस्तुत किए जाएं। बैठक में स्वास्थ्य, लोक निर्माण, जल संसाधन, राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, जिला योजना, आपदा प्रबंधन सहित अन्य विभागों के प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।