आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्टर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक संपन्न
कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्टर कार्यालय धार के सभा कक्ष में बुधवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम कार्यक्रम नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा संचालित एक महत्त्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य चयनित विकासखंडों में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि एवं आधारभूत सुविधाओं के प्रमुख संकेतकों में त्वरित एवं लक्षित सुधार अभियान के रूप मे सुनिश्चित करना है। बैठक के दौरान परामर्शदाता श्री दधीच इन्द्रोड़िया द्वारा आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के 38 सूचकांक एवं संपूर्णता अभियान 2.0 अंतर्गत निर्धारित 6 सूचकांक की विस्तृत समीक्षा की गई। आकांक्षी विकासखंड तिरला के ग्राम पाडलिया, ज्ञानपुरा, खादानबुजुर्ग, भूतिबावड़ी, गंगानगर एवं सीतापाट व अन्य ग्रामों में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित आवास, स्वच्छ भारत मिशन के कार्य तथा शासकीय विद्यालयों का भ्रमण के दौरान प्राप्त जमीनी स्थिति की जानकारी प्रस्तुत करते हुए संपूर्णता अभियान 2.0 के 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को ICDS अंतर्गत नियमित पूरक पोषण प्राप्त करने का प्रतिशत , आंगनवाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों के मासिक मापन (ऊँचाई/वजन) की दक्षता, संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यशील शौचालय की उपलब्धता,संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों में स्वच्छ पेयजल सुविधा की उपलब्धता, विद्यालयों में बालिकाओं हेतु पर्याप्त एवं उपयोगी शौचालय सुविधाओं का प्रतिशत,गौवंशीय पशुओं का एफएमडी (Foot and Mouth Disease) टीकाकरण प्रतिशत की जानकारी प्राप्त की। समीक्षा के दौरान जिन क्षेत्रों में प्रगति संतोषजनक पाई गई, उनकी सराहना की गई। वहीं जिन संकेतकों में अपेक्षित सुधार की आवश्यकता पाई गई, वहाँ संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर लक्ष्यों की शीघ्र पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए टीम बनाकर काम करने का कहा । बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा द्वारा निर्देशित किया गया कि आकांक्षी विकासखंड तिरला में निर्धारित सभी संकेतकों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने हेतु सतत मॉनिटरिंग, नियमित मैदानी भ्रमण एवं अंतर्विभागीय समन्वय को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम का मूल उद्देश्य अंतिम पंक्ति तक सेवाओं की प्रभावी पहुँच सुनिश्चित करना है, जिससे तिरला विकासखंड को शीघ्र ही विकसित श्रेणी में स्थापित किया जा सके। बैठक में नीति आयोग, भारत सरकार के परामर्शदाता श्री दधीच इन्द्रोड़िया, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक चौधरी,संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी, जनपद पंचायत तिरला सीईओ श्री अतुल कोठारी एवं समस्त विकासखंड स्तरीय अधिकारी एवं आकांक्षी विकासखंड फेलो श्री दीपराज परमार उपस्थित रहे।