बंद करे

पीथमपुर नगर गौरव दिवस में महिला स्व-सहायता समूहों की प्रतिभा बनी आकर्षण का केंद्र

औद्योगिक नगरी पीथमपुर में आयोजित नगर गौरव दिवस के तीन दिवसीय उत्सव (27 फरवरी से 1 मार्च) में स्थानीय प्रतिभाओं का उत्साहजनक प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। नगर पालिका परिषद द्वारा आयोजित इस भव्य आयोजन में महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने हुए हैं। महिला समूह की सदस्य साधना परमार ने बताया कि उनके द्वारा पारंपरिक एवं आधुनिक कला का अनूठा संगम प्रस्तुत किया जा रहा है। समूह की महिलाओं ने ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को साकार करते हुए घरेलू उपयोग की सामग्री, मिट्टी एवं लकड़ी से निर्मित आकर्षक सजावटी वस्तुएं प्रदर्शित की हैं, जो न केवल देखने में सुंदर हैं बल्कि भारतीय संस्कृति की झलक भी प्रस्तुत करती हैं। नगर गौरव दिवस के इस मंच से महिलाओं के कौशल को नई पहचान मिल रही है। *जनप्रतिनिधियों व प्रशासन की सक्रिय सहभागिता* नगर गौरव दिवस के आयोजन को सफल बनाने में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। नगर पालिका अध्यक्ष सेवंती सुरेश पटेल के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया गया। नगर गौरव दिवस आयोजन की संपूर्ण व्यवस्थाएं मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) श्री निशिकांत शुक्ला के मार्गदर्शन एवं निगरानी में सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान पार्षद सहित जनप्रतिनिधियों ने स्टॉल्स का भ्रमण कर महिला समूहों एवं प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन प्रबंधन में कार्यालय अधीक्षक विजय अहीर एवं सिटी मिशन मैनेजर प्रीतम भारसाकले ने प्रदर्शनी एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराया। *आकर्षक साज-सज्जा और उमड़ा जनसैलाब* नगर गौरव दिवस के अवसर पर संपूर्ण प्रदर्शनी क्षेत्र एवं स्वागत द्वार को गुलाबी एवं सफेद रंग की थीम में गुब्बारों से आकर्षक रूप से सजाया गया है। 27 फरवरी से प्रारंभ इस आयोजन में पीथमपुर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंच रहे हैं। आधुनिक औद्योगिक नगर पीथमपुर में पारंपरिक कला एवं हस्तशिल्प को प्राथमिकता दिए जाने से आयोजन को विशेष पहचान मिली है। महिला समूह की साधना परमार एवं सुरभि जोशी मंगलिक ने बताया कि नगर गौरव दिवस के इस मंच से उन्हें अपनी कला और मेहनत को जनसामान्य तक पहुंचाने का सशक्त अवसर मिला है तथा स्थानीय उत्पादों को मिल रही सराहना से वे अत्यंत प्रसन्न हैं।

"> ');