बंद करे

स्वच्छ सर्वेक्षण 2026: धार में ‘लाल बाग’ से ‘इंदौर नाका’ तक गूँजा स्वच्छता का संदेश* *मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने की नागरिकों से अपील, कहा – ‘खरीदारी के लिए घर से लाएं कपड़े की थैली

नगर पालिका परिषद धार द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के संकल्प को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से आज ‘प्लग रन 2026’ का सफल आयोजन किया गया। लाल बाग परिसर से प्रारंभ होते हुए इंदौर नाके तक के पूरे मार्ग पर प्रतिभागियों ने दौड़ते हुए ‘प्लगिंग’ (कचरा संग्रहण) की, जिससे राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों के बीच स्वच्छता के प्रति सकारात्मक संदेश पहुँचा। अभियान के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी कुंवर विश्वनाथसिंह ने बाजार क्षेत्र का भ्रमण कर एक अनूठी और प्रेरक पहल की। सब्जी मंडी और प्रमुख बाजारों में खरीदारी करने आए लोगों को देखकर सीएमओ स्वयं उनके पास पहुँचे और उनसे निवेदन किया। उन्होंने नागरिकों से आग्रह करते हुए कहा कि, “जब भी आप घर से खरीदारी करने निकलें, तो अपने साथ कपड़े की थैली अवश्य लाएं।” उन्होंने नागरिकों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक न केवल पर्यावरण के लिए घातक है, बल्कि यह हमारे शहर की स्वच्छता रैंकिंग को भी प्रभावित करता है। प्लास्टिक के उपयोग से बचकर ही हम धार को एक आदर्श स्वच्छ शहर बना सकते हैं। रविवार प्रातः 7:00 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिकारियों, कर्मचारियों और जागरूक युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। लाल बाग परिसर में उपस्थित जनसमूह ने आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण में धार को प्रदेश और देश में अग्रणी स्थान दिलाने का सामूहिक संकल्प लिया। नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के जागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेंगे ताकि जन-भागीदारी से ‘क्लीन सिटी-ग्रीन सिटी’ का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके। इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं जिले के समस्त गणमान्य नागरिकों से इस पुनीत कार्य में जुड़ने की विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि— “जो भी संस्था या प्रबुद्ध नागरिक स्वच्छता की इस पहल में अपना सहयोग देना चाहते हैं, वे निसंकोच आगे आएं। नगर पालिका परिषद उनके साथ मिलकर कार्यक्रम आयोजित करेगी और उन्हें हर संभव आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी।”

"> ');