समय-सीमा प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें – कलेक्टर प्रियंक मिश्रा* *HPV टीकाकरण अभियान पर विशेष जोर देते हुए प्रगति लाने के निर्देश
कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, जन-शिकायतों एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने HPV टीकाकरण अभियान की अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने वाले इस महत्वपूर्ण टीके के प्रति व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही लक्ष्य आधारित कार्ययोजना बनाकर शत-प्रतिशत पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने सीएम हेल्पलाइन एवं सीएम मॉनिट पोर्टल पर लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता न होकर समाधानपरक एवं संतोषजनक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में अनुसूचित जाति आयोग, अनुसूचित जनजाति आयोग, अन्य वैधानिक आयोगों एवं न्यायालयों में लंबित प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए उनके समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि इन प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। जिले की प्रमुख विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने धार सोलर पार्क हेतु शासकीय भूमि आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गीता भवन निर्माण से संबंधित प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाओं को भी समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया। प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता एवं दक्षता बढ़ाने के लिए कलेक्टर ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को iGOT कर्मयोगी पोर्टल पर पंजीयन कर प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने शत-प्रतिशत प्रशिक्षण पूर्णता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में “संकल्प से समाधान” अभियान के अंतर्गत कार्यों में गुणात्मक सुधार लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही गेहूं उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए गए। नरवाई प्रबंधन के तहत फसल अवशेष जलाने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने को कहा गया। इसके अतिरिक्त सुगम संपर्कता परियोजना एवं जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यों को गति देने तथा जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने गैस की कालाबाजारी रोकने हेतु नियमित निरीक्षण एवं सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने जनगणना 2027 के अंतर्गत कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित क्रियान्वयन हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत जमीनी स्तर पर प्रभावी तैयारियां सुनिश्चित करने हेतु कलेक्टर ने संबंधित विभागों को ठोस कार्ययोजना के साथ स्वच्छता गतिविधियों को गति देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले में स्थित जीर्ण-शीर्ण एवं असुरक्षित ओवरहेड टैंकों के उपयोग पर तत्काल प्रतिबंध लगाने, आवश्यकतानुसार उनके ध्वस्तीकरण तथा सुरक्षित विकल्प के रूप में नवीन टैंकों के निर्माण/प्रतिस्थापन की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक चौधरी, अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।